|
डीम्ड यूनिवर्सिटी बनेगा बीआइटी सिन्दरी
# Source: Jagran
सिन्दरी : भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने में बीआइटी सिन्दरी के अभियंताओं का अहम योगदान है। लेकिन बीस हजार अभियंता पैदा करने के बावजूद बीआइटी सिंदरी को जिस मुकाम पर होना चाहिए वहां वह नहीं है। अब तक हुए शैक्षणिक सुधारों के कारण शीघ्र ही शैक्षणिक स्वायत्तता प्राप्त होने वाली है। भविष्य में एमसीए, एमबीए, आरएंडडी के अलावा डीम्ड यूनिवर्सिटी बीआइटी को बनाने की योजना है। बीआइटी के देश पांडेय सभागार में आयोजित पूर्ववर्ती छात्रों के मिलन समारोह में निदेशक डॉ. एसके सिंह ने यह बात कही। संस्थान की प्रगति के लिए पूर्ववर्ती छात्रों से सहयोग की अपील की।
अदा करें दूध का कर्ज: उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन के चार वर्षो में बीआईटी सिन्दरी ने एक मां की तरह ज्ञान का दूध पिलाया है। इसके कर्ज को चुकाने का अवसर आ गया है। संस्थान के निरंतर विकास में योगदान के आह्वान के साथ पूर्ववर्ती छात्रों का समारोह विटसा-11 संपन्न हुआ।
कैंपस को आयेगा विद्युत बोर्ड :पूर्व छात्र व वर्तमान में चेयरमैन झारखंड राज्य विद्युत बोर्ड एसएन वर्मा ने कहा कि इस संस्थान के विकास को सरकार का सहयोग आवश्यक है। वे प्रयास करेंगे कि राज्य सरकार शीघ्र ही इस संस्थान को अच्छी राशि मुहैया करवाए। बीआईटी सिन्दरी में निर्बाध विद्युत आपूर्ति का वायदा किया। झारखंड राज्य विद्युत बोर्ड भी बीआइटी सिन्दरी में कैंपस के लिए आयेगा।
कैंपस में कंपनियां भेज करें मदद : संस्थान के डॉ. जी कुमार ने कहा कि गत वर्ष बीआइटी सिन्दरी में 42 कंपनियां कैंपस के लिए आई थीं। एक पूर्ववर्ती छात्र के प्रयास से कंपनी हिन्दुस्तान मोटर आयी थी, जिसने तीस छात्रों का चयन किया था। कैंपस के मामले में पूर्ववर्ती छात्रों से सहयोग का आह्वान किया । समारोह में अजय नन्द पुलिस आयुक्त आसनसोल- दुर्गापुर, चितरंजन कुमार परियोजना प्रबंधक सीसीएल, पीके सिंह उप महाप्रबंधक एलएंडटी, जेवी प्रसाद उप निदेशक बीएसएनएल, एसआर शर्मा जीएम बीएसएनएल धनबाद ने संबोधित किया। संचालन श्वेता सिंह ने किया। आर्ट्स क्लब की छात्राओं ने मनमोहक गीत प्रस्तुत कर वाह वाही लूटी। प्रयास संस्था के छात्रों ने भी नृत्य पेश किये।
एसएन वर्मा बने अध्यक्ष : बीआईटी सिन्दरी एलुमुनी एसोसियेशन के नए अध्यक्ष एसएन वर्मा चेयरमैन झारखंड राज्य विद्युत बोर्ड होंगे। सचिव की जिम्मेवारी डा. एससी राय को सौंपी गई है। विटसा के पुनगर्ठन के बाद सत्र 11-12 की नयी समिति की घोषणा हुई। नई कार्य समिति के सदस्यों में किशोर यादव, जेवी प्रसाद, शंभू जायसवाल, चन्द्र शेखर त्रिपाठी, एसआर शर्मा शामिल किये गये हैं।
स्कालरशिप के लिये दी राशि : प्रतिभावान छात्रों की स्कालरशिप के लिए एसआर शर्मा जीएम बीएसएनएल ने एक लाख रुपये तथा चितरंजन कुमार प्रोजेक्ट मैनेजर सीसीएल ने अपने पिता की स्मृति में स्कालरशिप के लिए एक लाख रुपये दिए। प्रोफेसर एचीवर्स एवार्ड बीएसएनएल के सीजीएम डीके सिन्हा, बीसीसीएल के तकनीकी निदेशक डीसी झा व एल्यूमीनियस एवार्ड एसएन वर्मा को दिया गया।
Click
Here for source news ....
|